रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले की ऐतिहासिक पर्यटन नगरी मांडू से एक शर्मनाक वाकया सामने आया था। जहां एक पद्मश्री सम्मानित डॉक्टर को अपनी पत्नी को रेबीज का इंजेक्शन लगवाने पर भटकना पड़ा। लेकिन काफी तलाश के बाद भी उन्हें निराशा मिली। मीडिया को जानकारी मिलते ही मामले ने तूल पकड़ लिया। जिसके बाद उन्हें मदद मिल सकी।

पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर सुब्रत राय की पत्नी को कुत्ते ने काट लिया था
दरअसल, हाईवे के मसीहा और पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर सुब्रत राय की पत्नी सुष्मिता राय को कुत्ते ने काट लिया था। जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टर चांदनी डाबरोलिया ने रेबीज का इंजेक्शन होने के बाद भी इसकी उपलब्धता नहीं होने का बहाना कर उन्हें उल्टे पैर वापस लौटा दिया था। घटना से डॉक्टर राय बेहद आहत नजर आए और उन्होंने इसे अपने साथ दुर्व्यवहार बताया।
स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
इस घटना की खबर मीडिया में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और क्षेत्रीय निदेशक स्वास्थ्य सेवा इंदौर को मामले की जांच के आदेश दिए। इंदौर संभाग के उप स्वास्थ्य संचालक डॉक्टर शर्मा, जिला चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राकेश शिंदे, बीएमओ जोगिंदर डावर मांडू पहुंचे और जांच शुरू की। यहां उन्होंने सभी के बयान दर्ज कर सुब्रत राय से फोन पर चर्चा कर उनसे माफी मांगी और घटना पर खेद व्यक्त किया।
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी को हटाया
उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉक्टर चांदनी डाबरोलिया को अपने पद से हटाकर डॉक्टर शिवहरे को मांडू केंद्र का चार्ज दे दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि हमने जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सौंप दी है, आगे मामले में वह फैसला करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टर के निलंबन और स्थानांतरण की बात रिपोर्ट में कही गई है। साथ ही मांडू में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी बात रखी गई है।
Achchhikhabar.in के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://www.whatsapp.com/channel/0029VaB80fC8Pgs8CkpRmN3X