जशपुर. भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जशपुर पुलिस ने जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक सेवानिवृत्त मृतक शिक्षक की पत्नी से करीब 45 लाख की ठगी करने का आरोप है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में नीरज प्रजापति निवासी डुगडुगिया, दिलीप राम निवासी खूंटी टोली, गोवर्धन यादव निवासी सीरिमकेला, जशपुर घनश्याम यादव निवासी सीरिमकेला शामिल है। शिकायतकर्ता गोरेती मिंज, पत्नी स्व. अनिल मिंज, निवासी ग्राम जोरा तराई, थाना नारायणपुर ने 17 जुलाई को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पति की मृत्यु के बाद विभागीय लाभ के रूप में 56 लाख की राशि प्राप्त हुई थी। उक्त राशि से उन्होंने कुनकुरी में जमीन खरीदने का निर्णय लिया।

प्रार्थिया ने अपने दामाद के माध्यम से आरोपी नीरज प्रजापति से संपर्क किया, जिसने अपने साथी दिलीप राम के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किनारे स्थित खसरा नंबर 345/1 की जमीन दिखाते हुए सौदा तय किया। 30 लाख में 10 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री के लिए एग्रीमेंट किया गया और कुछ राशि अग्रिम भी दे दी गई।
इसके बाद आरोपियों ने दस्तावेजी बहानेबाजी करते हुए 12 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराई, लेकिन असल में खसरा नंबर 345/14 की भूमि की रजिस्ट्री की गई, जो भारतमाला प्रोजेक्ट के अंतर्गत अधिगृहित हो चुकी थी। इस छलपूर्वक कार्रवाई से 36.50 लाख की ठगी हुई, जिसमें 12.60 लाख बाद में लौटाए गए। शेष राशि को लेकर आरोपी टालमटोल कर रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि रजिस्ट्री की गई जमीन पहले ही किसी अन्य को बेची जा चुकी थी। वहीं भारतमाला प्रोजेक्ट में अधिग्रहित ज़मीन के 21 लाख के मुआवजे को भी आरोपियों ने हड़प लिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, महिलाओं और आम नागरिकों के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। यदि कोई नागरिक इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।